After Header-1

सीएम धामी की सख्ती: एडीबी परियोजनाओं और घोषणाओं में देरी पर होगी कड़ी कार्रवाई

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि एडीबी पोषित परियोजनाओं और मुख्यमंत्री घोषणाओं पर सख्ती से अमल सुनिश्चित किया जाए। सचिवालय सभागार में आयोजित इस बैठक में राज्य की विद्युत परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान गत वर्षों में पूर्ण की गई प्रमुख परियोजनाओं की उपलब्धियों के साथ-साथ एडीबी और गैर-एडीबी पोषित चल रही योजनाओं की स्थिति पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास की गई परियोजनाओं, मुख्यमंत्री घोषणा से संबंधित कार्यों तथा आरईसी और पीएफसी पोषित योजनाओं की प्रगति का भी बारीकी से आकलन किया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर पूर्ण हों और कार्यों में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विद्युत वितरण व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेष चिंता व्यक्त की। उन्होंने विद्युत वितरण लॉस को न्यूनतम करने, बिजली चोरी पर सख्ती से रोक लगाने तथा इस संबंध में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की ऊर्जा व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु और आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव पंकज पांडेय, सी. रवि शंकर, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, विनय शंकर पांडेय, उत्तराखंड जल विद्युत निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप सिंघल तथा यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.