मथुरा (उत्तर प्रदेश), उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। थाना सुरीर क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक हादसा तड़के करीब पौने तीन बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही एक निजी बस में सवार यात्रियों ने लघुशंका के लिए चालक से बस रोकने को कहा था। चालक ने ग्रीन जोन में बस न रोकते हुए एक्सप्रेस-वे पर ही वाहन खड़ा कर दिया। बस से उतरकर कई यात्री सड़क किनारे खड़े थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले खड़ी बस में टक्कर मारी और उसके बाद नीचे खड़े यात्रियों को कुचल दिया।
हादसे में औरैया जिले के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती जिले के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम, दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष सहित दो अन्य अज्ञात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में से दो की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, औरैया के बेला निवासी अमर दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय मौसम पूरी तरह साफ था और कोहरे जैसी कोई स्थिति नहीं थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं तथा घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने को कहा है।
थाना प्रभारी सुरीर अजय कुमार ने बताया कि कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा और नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।