After Header-1

स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने पहुंचे सीएमओ, अस्पतालों में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

300×250 ADS-1

देहरादून।प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के दिशा-निर्देशों के क्रम में मंगलवार, 3 फरवरी 2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी देहरादून डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिद्दरवाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं और स्टाफ की उपलब्धता का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को ससमय अस्पताल में उपस्थित रहने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। अस्पताल परिसर, प्रतीक्षा कक्ष और वार्डों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही सर्द मौसम को देखते हुए वार्डों में हीटर, गर्म पानी की व्यवस्था, स्वच्छ बेडशीट और कंबलों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने मरीजों के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी जोर दिया और निर्देश दिए कि पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन ही परोसा जाए। इस अवसर पर उन्होंने आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ आईपीडी सेवाओं का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

300×600 ADS-2

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला में सीएमओ ने प्रस्तावित 50 शैय्यायुक्त चिकित्सालय भवन के निर्माण को लेकर समीक्षा बैठक भी की। बैठक में कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अस्पताल भवन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इसके पश्चात मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिद्दरवाला पहुंचे, जहां उन्होंने टाइप-ए श्रेणी के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन की संरचना, सुविधाओं और उपयोगिता का आकलन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितकारी बनाने पर जोर दिया गया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.