कालसी बस दुर्घटना: घायलों का हाल जानने खुद अस्पताल पहुँचे सीएम, दिए सख्त निर्देश

देहरादून।कालसी क्षेत्र के क्वानू–मीनस मोटर मार्ग पर हुई हिमाचल परिवहन निगम की बस दुर्घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुँचकर घायल यात्रियों का हाल-चाल जाना। दुर्घटना में घायल हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड के यात्रियों से मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा और उनके उपचार की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने इस दर्दनाक दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुःखद है और राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।

अस्पताल में भर्ती घायलों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से उपचार की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सा टीम को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी घायलों को सर्वोत्तम, त्वरित और संवेदनशील चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे शीघ्र स्वस्थ हो सकें। मुख्यमंत्री ने उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने घायलों के परिजनों से भी संवाद किया और उन्हें भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार द्वारा इलाज में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने विकासनगर के उप जिला चिकित्साधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर विकासनगर में उपचाराधीन दुर्घटना के घायलों को भी समुचित एवं संवेदनशील चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चाहे घायलों का इलाज दून अस्पताल में हो या विकासनगर में, सभी को एक समान और उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए।

मुख्यमंत्री के इस दौरे से घायलों और उनके परिजनों में भरोसा और राहत का भाव देखने को मिला। प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहते हुए निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.