वडोदरा,
महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 में दिल्ली कैपिटल्स ने एक बार फिर अपनी मजबूती का प्रदर्शन करते हुए एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात जायंट्स को सात विकेट से हराकर लगातार चौथी बार फाइनल में प्रवेश कर लिया है। बीसीए स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली ने 169 रन के लक्ष्य को 26 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया और खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की।
मैच के बाद दिल्ली कैपिटल्स की ऑलराउंडर चिनेल हेनरी ने जीत के पीछे टीम की सोच और संयम को सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि गुजरात के खिलाफ पिछले कुछ मुकाबले बेहद करीबी रहे थे, लेकिन इस बार टीम ने साफ सोच और शांत रवैये के साथ मैदान पर उतरने का फैसला किया।
चिनेल हेनरी ने कहा, “मैच से पहले हमने आपस में बात की थी कि दबाव में नहीं आना है और अपनी योजना पर टिके रहना है। हमें अपनी क्षमताओं पर भरोसा था और वही फर्क लेकर आया।”
लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत शानदार रही। ओपनिंग जोड़ी शेफाली वर्मा और लिज़ेल ली ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 89 रन की साझेदारी की। लिज़ेल ली ने 24 गेंदों में 43 रन बनाए, जबकि शेफाली वर्मा ने 21 गेंदों में 31 रन की तेज पारी खेली। इसके बाद मिडिल ऑर्डर ने बिना किसी घबराहट के टीम को जीत तक पहुंचा दिया।
इससे पहले गेंदबाजी में भी दिल्ली का प्रदर्शन शानदार रहा। चिनेल हेनरी ने तीन विकेट चटकाकर गुजरात की बल्लेबाजी को झकझोर दिया, जबकि नंदिनी शर्मा ने दो अहम विकेट लेकर रन गति पर अंकुश लगाया। नंदिनी शर्मा इस प्रदर्शन के साथ एक डब्ल्यूपीएल सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली भारतीय गेंदबाज बन गई हैं। 2026 सीजन में उनके नाम अब 16 विकेट दर्ज हो चुके हैं और वह पर्पल कैप की दौड़ में भी शामिल हैं।
टीम के माहौल को लेकर हेनरी ने कहा कि ड्रेसिंग रूम में आपसी भरोसा सबसे बड़ी ताकत है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में खिलाड़ियों के बीच लगातार संवाद बना रहता है। उन्होंने कहा कि अब एलिमिनेटर जीतने का जश्न मनाने का समय नहीं है, क्योंकि असली चुनौती फाइनल में है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच डब्ल्यूपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला गुरुवार, 5 फरवरी 2026 को खेला जाएगा।