जायंट किलर का सफर खत्म! बार्सिलोना ने अल्बासेटे को हराकर कोपा डेल रे में लगाई छलांग

अल्बासेटे (स्पेन),
गत विजेता बार्सिलोना ने कोपा डेल रे में अपने खिताब बचाव की मुहिम को मजबूती देते हुए क्वार्टरफाइनल मुकाबले में अल्बासेटे को 2–1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। इस जीत के साथ बार्सिलोना सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। हालांकि मुकाबले के अंतिम क्षणों में दूसरे डिवीजन की टीम अल्बासेटे ने जबरदस्त संघर्ष दिखाकर मैच को रोमांचक बना दिया।

बार्सिलोना की ओर से युवा स्टार लामिन यामल ने 39वें मिनट में शानदार गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। यह गोल मार्कस रैशफोर्ड की शानदार प्रेसिंग और फ्रेंकी डी जोंग के सटीक पास का नतीजा था, जिसे यामल ने बाएं पैर से बेहतरीन फिनिश दिया। पहले हाफ में रैशफोर्ड और दानी ओल्मो को भी मौके मिले, लेकिन वे उन्हें गोल में नहीं बदल सके।

दूसरे हाफ में बार्सिलोना के कप्तान रोनाल्ड अराउहो ने कॉर्नर किक पर जोरदार हेडर लगाकर स्कोर 2–0 कर दिया। यह गोल अराउहो के लिए खास रहा, क्योंकि दिसंबर में मानसिक स्वास्थ्य ब्रेक के बाद यह उनकी पहली शुरुआत थी और उन्होंने गोल के साथ शानदार वापसी की।

मैच के अंतिम चरण में अल्बासेटे ने आक्रामक रुख अपनाया और बार्सिलोना की रक्षापंक्ति पर लगातार दबाव बनाया। 87वें मिनट में जावियर मोरेनो ने फ्री-किक पर डाइविंग हेडर से गोल कर अंतर घटा दिया। इसके बाद स्टॉपेज टाइम में अल्बासेटे ने एक और गोल का प्रयास किया, लेकिन बार्सिलोना के डिफेंडरों ने गेंद को गोल लाइन से क्लियर कर टीम को राहत दिलाई।

स्पेनिश सेकेंड डिवीजन में 12वें स्थान पर मौजूद अल्बासेटे ने इससे पहले कोपा डेल रे में सेल्टा विगो और रियल मैड्रिड जैसी दिग्गज टीमों को बाहर कर ‘जायंट किलर’ की छवि बनाई थी। क्वार्टरफाइनल में भी उसने दमदार खेल दिखाया, लेकिन बार्सिलोना का अनुभव और गुणवत्ता अंततः भारी पड़ी।

अन्य क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में बुधवार को डेपोर्टिवो अलावेस का सामना रियल सोसिएदाद से होगा, जबकि वालेंसिया और एथलेटिक बिलबाओ आमने-सामने होंगे। गुरुवार को एटलेटिको मैड्रिड और रियल बेटिस के बीच मुकाबला खेला जाएगा।

गौरतलब है कि बार्सिलोना ने पिछले साल सेविला में खेले गए फाइनल में अतिरिक्त समय में रियल मैड्रिड को 3–2 से हराकर कोपा डेल रे का खिताब जीता था।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.