केदारनाथ यात्रा की उलटी गिनती शुरू, महाशिवरात्रि पर होगा बड़ा ऐलान

देहरादून,
चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव केदारनाथ धाम को लेकर श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण तिथि जल्द सामने आने वाली है। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय की जाएगी। यह घोषणा बाबा केदार के शीतकालीन गद्दी स्थल ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विधि-विधान के साथ की जाएगी।

तीर्थ पुरोहितों द्वारा पंचांग और ज्योतिषीय गणनाओं के आधार पर कपाट खोलने की शुभ तिथि निर्धारित की जाएगी। महाशिवरात्रि के दिन विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि की औपचारिक घोषणा की जाएगी। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस घोषणा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

उधर, आगामी केदारनाथ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि यात्रा से जुड़े सभी अहम पहलुओं पर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाया जाए।

उन्होंने बताया कि यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी संचालकों, मंदिर समिति, होटल व्यवसायियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारिक संगठनों के साथ लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है। सभी आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासन का फोकस यात्रियों की सुरक्षा, ठहरने की व्यवस्था, परिवहन, स्वच्छता और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर है। इसके साथ ही मार्गों की स्थिति और मूलभूत सुविधाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है।

गौरतलब है कि बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि पहले ही घोषित की जा चुकी है। बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे, जबकि केदारनाथ धाम की तिथि महाशिवरात्रि के दिन घोषित की जाएगी। ऐसे में अब श्रद्धालुओं की निगाहें बाबा केदार के कपाट खुलने की शुभ घड़ी पर टिकी हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.