250 प्रतिनिधि, 47 प्रांत और नई टीम—लखनऊ बैठक में तय होगी बजरंग दल की आगे की रणनीति

लखनऊ,
बजरंग दल की दो दिवसीय अखिल भारतीय बैठक आगामी 7 और 8 फरवरी को राजधानी लखनऊ में आयोजित की जाएगी। यह महत्वपूर्ण बैठक एसआर इंस्टीट्यूट में होगी, जिसमें देशभर के सभी क्षेत्रों और 47 प्रांतों से लगभग 250 प्रतिनिधि भाग लेंगे। संगठन के अनुसार, यह पहली बार है जब बजरंग दल की अखिल भारतीय बैठक लखनऊ में आयोजित हो रही है, जिससे इसका विशेष महत्व माना जा रहा है।

बैठक के उद्घाटन सत्र में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे, अयोध्या स्थित रंगमहल मंदिर के महंत राम शरण दास महाराज, बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापति और सह संयोजक विवेक कुलकर्णी प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। बजरंग दल के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र संयोजक पूर्णेन्दु ने बुधवार को इस संबंध में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इससे पहले प्रयागराज और अयोध्या में संगठन की बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन राजधानी लखनऊ में यह पहली अखिल भारतीय बैठक है। बैठक में प्रांत संयोजक और सह संयोजकों के साथ-साथ बजरंग दल के सभी आयामों के प्रांत प्रमुखों को भी आमंत्रित किया गया है।

इस बैठक में संगठनात्मक समीक्षा के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों, अभियानों और कार्ययोजनाओं को लेकर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा भविष्य की दिशा तय करने के उद्देश्य से यह मंथन किया जा रहा है।

बैठक की तैयारियों को लेकर विश्व हिंदू परिषद अवध प्रांत के संगठन मंत्री विजय प्रताप ने प्रांतीय कार्यालय श्रीराम भवन में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान प्रमुख कार्यकर्ताओं को विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई, ताकि आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

उल्लेखनीय है कि लगभग छह माह पूर्व किशन प्रजापति को बजरंग दल का राष्ट्रीय संयोजक और विवेक कुलकर्णी को सह संयोजक नियुक्त किया गया था। उनके नए दायित्व संभालने के बाद यह पहली अखिल भारतीय बैठक है, जिससे संगठन के भविष्य की रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.