जिनकी पिच पर खेले दिग्गज क्रिकेटर, वही शिवकुमार मैदान पर ही दुनिया छोड़ गए

कानपुर (उत्तर प्रदेश),
ग्रीन पार्क अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब सीनियर पिच क्यूरेटर शिवकुमार का मंगलवार शाम अचानक निधन हो गया। वह शुक्रवार से शुरू होने वाली कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के मुकाबले की तैयारियों में पूरी तन्मयता से जुटे हुए थे। इसी दौरान पिच को सवारते समय उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वह मैदान पर ही गिर पड़े।

मौके पर मौजूद स्टेडियम स्टाफ और यूपीसीए के नोडल अधिकारी सुरजीत श्रीवास्तव ने तत्काल उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग रेफर किया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिवकुमार की अचानक हुई मौत की खबर से पूरे स्टेडियम परिसर में मातम छा गया।

मूल रूप से बरेली के रहने वाले शिवकुमार के परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं, जो महाराष्ट्र के पुणे में रहते हैं। परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है और उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए बरेली भेज दिया गया है।

शिवकुमार ने अपने करियर की शुरुआत खेल विभाग में एक इलेक्ट्रीशियन के रूप में की थी। बाद में उन्होंने पिच क्यूरेशन के क्षेत्र में कदम रखा और दिग्गज क्यूरेटर डब्बू शाह और बृजेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में इस कला को निखारा। बीसीसीआई की परीक्षा उत्तीर्ण कर वह सीनियर पिच क्यूरेटर बने और सेंट्रल जोन के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाली।

साल 2018 में उन्होंने खेल विभाग से वीआरएस लेकर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) में कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने देश के कई प्रमुख स्टेडियमों के अलावा इंडोनेशिया और बांग्लादेश में भी पिच तैयार की। ग्रीन पार्क स्टेडियम में लाल मिट्टी की पिच बनाना उनका सपना था, जिसके लिए महाराष्ट्र से मिट्टी भी मंगवाई गई थी, लेकिन दुर्भाग्यवश यह सपना पूरा होने से पहले ही उनका निधन हो गया।

साल 2005 से ग्रीन पार्क में खेले गए अधिकांश अंतरराष्ट्रीय और घरेलू मुकाबलों की पिच शिवकुमार ने ही तैयार की थी। सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज क्रिकेटर कई बार उनके कार्य की सराहना कर चुके थे। उनके निधन से भारतीय क्रिकेट ने एक निष्ठावान और अनुभवी क्यूरेटर को खो दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.