हवाला नेटवर्क की तलाश में ईडी अलर्ट, बालू कारोबारियों पर कसा शिकंजा

कोलकाता,  कोयला तस्करी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह पश्चिम बंगाल और दिल्ली में एक साथ बड़ी कार्रवाई शुरू की। इस संयुक्त अभियान के तहत कोलकाता, दुर्गापुर, आसनसोल, बर्धमान और दिल्ली समेत कुल नौ ठिकानों पर ईडी की टीमों ने छापेमारी की। कार्रवाई से संबंधित इलाकों में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के मुताबिक, यह छापेमारी कोयला तस्करी से अर्जित अवैध धन को हवाला के माध्यम से इधर-उधर भेजने के नेटवर्क की जांच के तहत की जा रही है। ईडी को संदेह है कि इस पूरे नेटवर्क के जरिए भारी मात्रा में काले धन को खपाया गया है। इसी कड़ी में दुर्गापुर में कई स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया।

सुबह करीब छह बजे ईडी की एक टीम दुर्गापुर के सेपको टाउनशिप पहुंची, जहां बालू कारोबारी प्रवीर दत्त के आवास पर तलाशी ली गई। इसके अलावा सिटी सेंटर क्षेत्र के अंबेडकर सरणी स्थित एक मकान तथा पांडवेश्वर और कांकसा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के बाइपास के समीप स्थित एक अन्य आवास पर भी छापेमारी की गई। बताया जा रहा है कि ये सभी ठिकाने बालू कारोबार से जुड़े व्यक्तियों के हैं।

जांच एजेंसी का कहना है कि संबंधित कारोबारी अजय और दामोदर नदियों से बालू निकालकर राज्य के विभिन्न हिस्सों में आपूर्ति करते थे। आरोप है कि वैध टेंडर के माध्यम से अधिकृत बालू घाटों से खनन के साथ-साथ कई जगहों पर अवैध रूप से भी बालू निकाला गया। इतना ही नहीं, बालू के चालानों में हेराफेरी कर एक ही चालान का कई बार उपयोग कर तस्करी किए जाने की भी आशंका है।

ईडी को यह भी जानकारी मिली है कि बीरभूम जिले के बालू चालानों का इस्तेमाल कर पश्चिम बर्धमान जिले में अवैध बालू आपूर्ति की जाती थी। एजेंसी को संदेह है कि इसी अवैध कारोबार के जरिए आरोपितों ने करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है। फिलहाल, सभी ठिकानों पर दस्तावेजों की जांच जारी है और जब्त सामग्री के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.