After Header-1

वडोदरा में दर्दनाक सड़क दुर्घटना: शादी में जा रहे यात्री की गई जान, कई घायल

वडोदरा,
गुजरात के वडोदरा जिले में नेशनल हाईवे-48 पर गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। करजण क्षेत्र के धावट चौकड़ी के पास स्थित एक ब्रिज पर औरंगाबाद से अहमदाबाद जा रही एक लग्जरी बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच हुई। ‘जय खोडियार ट्रैवल्स’ की बस तेज रफ्तार में थी और अचानक ब्रिज पर खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही करजण फायर स्टेशन की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बस के भीतर फंसे यात्रियों को निकालने के लिए फायर ब्रिगेड कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ शवों और घायलों को बाहर निकालने के लिए बस के अंदर अस्थायी स्ट्रेचर जैसी व्यवस्था बनानी पड़ी।

इस दुर्घटना में जिन दो यात्रियों की मौत हुई, उनकी पहचान हिम्मतभाई सुखाभाई देवीपूजक (50), निवासी लीलापुर गांव, जसोदन, राजकोट और मोहम्मद रफीक शेख (39), निवासी रोनक पार्क डुप्लेक्स, शाहआलम, अहमदाबाद के रूप में हुई है।
घायलों में से पांच से अधिक को वडोदरा के सयाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बस का कंडक्टर गंभीर रूप से घायल होने के कारण एसएसजी अस्पताल में उपचाराधीन है।

बस में हादसे के समय लगभग 65 से 70 यात्री सवार थे। कई यात्री खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे बैठे नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, हादसे के बाद कुछ लोगों ने बस की ऊपरी खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि कुछ को डिक्की की खिड़की तोड़कर बाहर निकाला गया।

घायल यात्री दिलावरभाई ने बताया कि वे पुणे से अहमदाबाद में रिश्तेदार की शादी में शामिल होने जा रहे थे। वहीं, इरफानभाई ने बताया कि वे निजी काम से महाराष्ट्र से लौट रहे थे। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.