गणतंत्र दिवस पर शहीदों को समर्पित सुरों की शाम, कलाकारों ने बांधा समां

रुड़की।
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर नगर निगम सभागार में देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम **“एक शाम, शहीदों के नाम”** का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना और नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम के संयोजक प्रसिद्ध यूट्यूबर नजराना सलमानी द्वारा कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व सभी शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इसके पश्चात देशभक्ति गीतों की मधुर प्रस्तुति से पूरा सभागार राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नजराना सलमानी एवं लोकप्रिय गायक शेरू मलिक द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए अनगिनत वीर सपूतों ने अपने जीवन की आहुति दी। अमर शहीदों ने ब्रिटिश हुकूमत को उखाड़ फेंकने के लिए बिना किसी भय के अपना सर्वस्व राष्ट्र के नाम कर दिया। आज हम जिस स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, वह उन्हीं महान बलिदानों का परिणाम है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से शहीदों को याद करना और उन्हें श्रद्धांजलि देना हम सभी का कर्तव्य है।

कार्यक्रम में हरिद्वार व आसपास के जनपदों से आए कलाकारों ने देशप्रेम और देशभक्ति से जुड़े गीत प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों को भावुक कर दिया। गायक जावेद अंसारी, समीर सिंगर, जावेद राणा, सोना कुरैशी, साजिद अली, अकबर अली, तनवीर सलमानी, अजीम, जाहिद एवं सुफियान ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

कार्यक्रम के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। इस अवसर पर दानिया खान, अतीक मलिक, सुल्तान अहमद, साहिबा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने न केवल शहीदों को सम्मान दिया, बल्कि राष्ट्रभक्ति की भावना को भी सशक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.