रुड़की।
रुड़की की बेटी और *रक्त वीर* के नाम से देशभर में प्रसिद्ध समाजसेविका सोनिया गोयल किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से दिल्ली में निवास कर रही सोनिया गोयल ने समाजसेवा के क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने न केवल सैकड़ों लोगों को रक्तदान के माध्यम से नया जीवन दिया है, बल्कि गरीबों, असहायों और जरूरतमंदों की सेवा में भी हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है।
हाल ही में देहरादून जाते समय सोनिया गोयल कुछ समय के लिए रुड़की स्थित एक गौशाला में रुकीं। यहां उन्होंने गौ माता की सेवा की और स्वयं गौशाला परिसर में सफाई अभियान चलाकर सेवा भाव का संदेश दिया। गौशाला में उनकी सादगी और सेवा भावना को देखकर उपस्थित लोग भावुक हो गए।
इस अवसर पर सोनिया गोयल ने कहा कि वह रुड़की की बेटी हैं और इस शहर से उनका भावनात्मक जुड़ाव बेहद गहरा है। रुड़की के नगरवासी उनके हृदय में बसते हैं और जब भी वह इस शहर में आती हैं या यहां से गुजरती हैं, तो सेवा कार्य करना वह अपना कर्तव्य समझती हैं। उन्होंने कहा कि गौ माता की सेवा से आत्मिक शांति मिलती है और समाज को भी ऐसे कार्यों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
गौशाला पहुंचने पर समाजसेवी रामगोपाल कंसल सहित अन्य गणमान्य लोगों ने सोनिया गोयल का स्वागत व सम्मान किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में रहते हुए भी सोनिया गोयल ने समाजसेवा के माध्यम से रुड़की का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है, जो पूरे नगर के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि बहुत शीघ्र रुड़की में सोनिया गोयल का भव्य नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। सोनिया गोयल की यह पहल न केवल गौ सेवा का संदेश देती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि अपनी जन्मभूमि से जुड़ाव कभी कम नहीं होता।