अब प्लास्टिक बनेगा नई पहल से बदलेगा शहर का चेहरा उपयोगी सामान, नगर निगम की

देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के **प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड** के संकल्प को जमीनी स्तर पर साकार करने की दिशा में देहरादून नगर निगम ने एक अहम पहल की है। नगर निगम द्वारा शहर में **ऑटोमेटिक प्लास्टिक बॉटल क्रैशर मशीन** की शुरुआत की गई है, जिससे सिंगल यूज़ प्लास्टिक के निस्तारण और पुनर्चक्रण को गति मिलेगी।

बृहस्पतिवार को नगर निगम परिसर के बाहर शहर की पहली **ऑटोमेटेड बॉटल क्रैशर मशीन** का उद्घाटन मेयर सौरभ थपलियाल एवं नगर आयुक्त नमामि बंसल द्वारा किया गया। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और आमजन भी उपस्थित रहे।

नगर निगम देहरादून की योजना है कि इस तरह की ऑटोमेटेड बॉटल क्रैशर मशीनें शहर के प्रमुख स्थलों पर स्थापित की जाएं। इनमें पर्यटन स्थल, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, शैक्षणिक संस्थान, पार्क, सरकारी भवन और प्रमुख चौराहे शामिल हैं। इसका उद्देश्य शहर में बढ़ते प्लास्टिक प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

इन मशीनों के माध्यम से एकत्रित प्लास्टिक बोतलों को रिसाइकिल कर **टेबल, कुर्सी, फ्लावर पॉट, सजावटी शोपीस** जैसी उपयोगी वस्तुएं बनाई जाएंगी, जिनका उपयोग शहर के सार्वजनिक स्थलों पर किया जाएगा। इससे न केवल प्लास्टिक वेस्ट का सही उपयोग होगा बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

इस ऑटोमेटेड बॉटल क्रैशर मशीन का संचालन **मनसा फैसिलिटी एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड** द्वारा किया जा रहा है। कंपनी प्लास्टिक बोतलों को रिसाइकिल करेगी, जबकि तैयार रॉ मैटेरियल को नगर निगम सीधे खरीदकर उपयोगी सामान तैयार करेगा। यह परियोजना **पीपीपी मॉडल** के तहत संचालित की जा रही है।

नगर आयुक्त नमामि बंसल ने बताया कि मशीन से सिंगल यूज़ प्लास्टिक को रिसाइकिल कर टिकाऊ वस्तुएं बनाई जा सकेंगी। फिलहाल मशीन के लिए स्थान चिन्हित कर लिए गए हैं और फीडबैक के आधार पर इसे अन्य स्थानों पर भी स्थापित किया जाएगा।

मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि यह पहल **प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड** की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी और आमजन को प्लास्टिक के सही निस्तारण के लिए प्रेरित करेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.