After Header-1

ई-मेल से मिली बम धमकी: गुरुग्राम के स्कूलों में सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई

300×250 ADS-1

गुरुग्राम (हरियाणा),
हरियाणा के गुरुग्राम में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के चार प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए। धमकी की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं।

सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस, बम स्क्वायड, एसडीआरएफ और अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी टीमें संबंधित स्कूल परिसरों में पहुंचीं और सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। एहतियातन स्कूल परिसरों को खाली कराया गया और छात्रों व स्टाफ की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।

जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें डीएलएफ फेस-1 स्थित एक स्कूल, सेक्टर-53 स्थित लैंसर्स स्कूल, सेक्टर-64 का हेरिटेज एक्सपीरिएंशियल लर्निंग स्कूल और बादशाहपुर क्षेत्र में स्थित पाथवेज वर्ल्ड स्कूल शामिल हैं। सभी स्कूलों की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर यह धमकी भेजी गई थी, जिससे प्रशासनिक हलकों में चिंता बढ़ गई।

300×600 ADS-2

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में किसी भी स्कूल परिसर से अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर हर कोने की गहन जांच की जा रही है। बम निरोधक दस्तों द्वारा क्लासरूम, बस एरिया, खेल मैदान और अन्य संवेदनशील स्थानों की तलाशी ली गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस की साइबर क्राइम टीमें भी सक्रिय हो गई हैं। ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी कहां से और किसने भेजी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह किसी शरारत का मामला है या इसके पीछे कोई संगठित साजिश है।

पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। जांच पूरी होने के बाद ही स्कूलों में सामान्य गतिविधियां बहाल करने का निर्णय लिया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.