8300 से 12391 तक मानदेय बढ़ा, कृषि सहायकों ने जताया मंत्री जोशी का आभार

देहरादून। प्रदेश की न्याय पंचायतों में कार्यरत कृषि सहायकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से मानदेय बढ़ोतरी की मांग कर रहे कृषि सहायकों का इंतजार अब समाप्त हो गया है। राज्य के कृषि मंत्री गणेश जोशी के निर्देशों के बाद कृषि सहायकों का मानदेय ₹8300 से बढ़ाकर ₹12391 कर दिया गया है। इस महत्वपूर्ण निर्णय के उपरांत कृषि सहायकों के पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज मंत्री गणेश जोशी से उनके शासकीय आवास पर भेंट कर आभार व्यक्त किया।

प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सभी कृषि सहायकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कृषि सहायक जमीनी स्तर पर कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनकी वर्षों पुरानी मांग को पूरा करना सरकार का दायित्व था। मंत्री जोशी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कर्मचारियों और संविदा कार्मिकों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष कुशला सेमवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश प्रसाद उखियाल, प्रदेश सचिव मनोज भट्ट, कोषाध्यक्ष बलिराम भट्ट, जिलाध्यक्ष सुभाष तोमर सहित बड़ी संख्या में कृषि सहायक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.