संदीप मिश्रा
बेड़ों (रांची)। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सौजन्य से बेड़ों प्रखंड के तुको स्थित सरकारी स्कूल मैदान में एक भव्य सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सशक्त बनाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर जीवन जीने में सहायता प्रदान करना रहा।
शिविर के माध्यम से भारत सरकार की राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। यह वितरण भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), रांची के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में लगभग 100 लाभार्थियों को कमर बेल्ट, घुटना बेल्ट, बैसाखी, छड़ी, व्हीलचेयर, कमोड चेयर, श्रवण यंत्र (कान की मशीन) सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती गंगोत्री कुजूर रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथियों में पूर्व विधायक प्रत्याशी सन्नी टोप्पो, राम नारायण भगत, भोगेन सोरेन तथा पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष राजीव रंजन अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा बेड़ों मंडल अध्यक्ष बलराम सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष आलोक मिश्रा, नरकोपी के पूर्व अध्यक्ष तेजू दास, उप मुखिया सतीश सिंह, मीडिया प्रभारी मनोज कुमार साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों से राहत मिलती है। निःशुल्क सहायक उपकरण न केवल उनकी शारीरिक समस्याओं को कम करते हैं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा देते हैं।
एलिम्को की ओर से अविनाश कुमार सिन्हा और नीतीश कुमार ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। शिविर में सैकड़ों दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र में खुशी और संतोष का माहौल देखने को मिला।
यह शिविर सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।