After Header-1

सड़कों से पार्किंग तक: शहर की समस्याओं पर जनता और अफसर आमने-सामने

300×250 ADS-1

देहरादून। देहरादून सिटीजन फोरम की ओर से शहर के विभिन्न मुद्दों पर एक टाउनहॉल कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनता और प्रशासनिक अधिकारियों ने आमने-सामने चर्चा की। कार्यक्रम का उद्देश्य शहर की समस्याओं को उजागर करना और उनके त्वरित समाधान की दिशा में पहल करना था।

टाउनहॉल का उद्घाटन फोरम के जगमोहन मेहंदीरत्ता ने किया। उन्होंने शहर में रोड जाम, पार्किंग की कमी, अतिक्रमण और अन्य प्रशासनिक समस्याओं पर प्रकाश डाला। भारती जैन और फ्लोरेंस पांधी ने पिछले दो वर्षों में फोरम द्वारा किए गए महत्वपूर्ण कार्यों का ब्योरा दिया, जिसमें ग्रीन एजेंडा, रोड सेफ्टी अभियान, महिला सुरक्षा, कचरा प्रबंधन और एलिवेटेड रोड जैसे मुद्दे शामिल थे।

रमना कुमार ने पीपीटी के माध्यम से ट्रैफिक लाइट, फुटपाथ अतिक्रमण, सहस्रधारा रोड पर ट्रैफिक जाम और सड़क किनारे कचरे के ढेरों जैसी समस्याओं को प्रस्तुत किया। अनूप नौटियाल ने सवाल उठाया कि शहर के लिए बनाई जाने वाली योजनाओं में आम जनता की राय क्यों शामिल नहीं होती, जबकि अधिकारी अस्थायी होते हैं और जनता स्थायी।

300×600 ADS-2

अधिकारियों ने जवाब देते हुए विभिन्न सुधारों की जानकारी दी। परिवहन विभाग के शैलेश तिवारी ने बताया कि जल्द ही शहर में 100 नई इलेक्ट्रिक बसें और ई-रिक्शा उपलब्ध कराए जाएंगे। नगर निगम के डॉ. अविनाश खन्ना ने कचरा उठाने के काम को व्यवस्थित करने का आश्वासन दिया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के डॉ. अंकुर कंसल ने सड़कों पर जाम और खुदाई के कारण बढ़ रहे प्रदूषण पर नियंत्रण के उपाय साझा किए। ट्रैफिक पुलिस के ललित बोरा ने जाम कम करने के लिए विभिन्न चौराहों पर अध्ययन की जानकारी दी।

एमडीडीए और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी भी शहर में पौधारोपण, एलिवेटेड रोड निर्माण और ट्रैफिक व्यवस्थाओं के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी साझा की। टाउनहॉल में नागरिकों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे, जिसमें नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, पीडब्ल्यूडी, एमडीडीए, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, परिवहन विभाग और जिला प्रशासन से संबंधित कुल 83 मुद्दों और सुझाव शामिल थे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक और युवा उपस्थित रहे। यह टाउनहॉल नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद को बढ़ावा देने और शहर के समग्र विकास में जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.