महेंद्र भट्ट का दावा: इस योजना से पारदर्शिता, रोजगार और गांवों का सशक्त विकास सुनिश्चित

देहरादून। भाजपा ने प्रदेश में चल रही बीबी जी राम जी योजना को सशक्त और आत्मनिर्भर गांवों से विकसित भारत निर्माण का रोडमैप बताया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल इस योजना का विरोध दुष्प्रचार के माध्यम से कर रहे हैं, क्योंकि इससे उनकी सरकारों में जारी भ्रष्टाचार की दुकान बंद हो जाएगी।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और निर्णायक राजनीतिक इच्छाशक्ति के कारण राम मंदिर का सपना साकार हुआ और अब ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बीबी जी राम जी योजना गांवों में विकास और आस्था का अनूठा संगम प्रस्तुत करती है। योजना गांवों को आत्मनिर्भर बनाते हुए रोजगार, बुनियादी ढांचा, जल संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और आपदा प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों को जोड़ती है।

इस योजना के तहत कार्यदिवसों की संख्या 100 से बढ़ाकर 125 कर दी गई है। साथ ही, ग्राम पंचायतें विकास कार्यों के निर्णय में मुख्य भूमिका निभाएंगी। डिजिटल प्रणाली के माध्यम से भुगतान 15 दिनों में किया जाएगा, अन्यथा ब्याज का भुगतान अनिवार्य होगा। योजना के लिए अब बजट 1.5 लाख करोड़ रुपये तक बढ़ाया गया है, जिससे ग्रामीण विकास की गति तेज होगी।

महेंद्र भट्ट ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस और अन्य दल इस योजना के खिलाफ इसलिए हैं, क्योंकि इसमें ‘राम’ शब्द शामिल है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष केंद्र की ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के बारे में गलत सूचना फैला रहा है और पहले मनरेगा का भ्रष्टाचार करते रहे। इस योजना के लागू होने से भ्रष्टाचार में कमी आएगी और ग्रामीण विकास तेज होगा।

उन्होंने जोर देकर कहा कि विपक्षी दल विरोध करते रहेंगे, लेकिन ग्रामीण विकास बीबी जी राम जी योजना के माध्यम से लगातार आगे बढ़ेगा। यह योजना न केवल आत्मनिर्भर गांवों का निर्माण करेगी, बल्कि देश को विकसित भारत की ओर अग्रसर करेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.