यूसीसी लागू होने का एक साल पूरा, 27 जनवरी को उत्तराखंड में पहली बार मनाया जाएगा यूसीसी दिवस

उत्तराखंड में समानता और न्याय की दिशा में उठाए गए ऐतिहासिक कदम समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू हुए एक वर्ष पूर्ण हो गए हैं। इस अवसर को स्मरणीय बनाने के लिए राज्य सरकार आगामी **27 जनवरी 2026** को ‘समान नागरिक संहिता दिवस’ के रूप में मनाएगी। इस दिन देहरादून के नीबूंवाला स्थित संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में एक भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे।

यूसीसी दिवस के आयोजन को लेकर मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने वर्चुअल माध्यम से विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की तैयारियां समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं, ताकि आयोजन सफल और प्रभावी बन सके।

कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तर पर सेवा, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों तथा गणमान्य नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही आमजन की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से ऑन-द-स्पॉट क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे यूसीसी के प्रति जागरूकता और रुचि को प्रोत्साहन मिलेगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने उच्च शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि विभिन्न विश्वविद्यालयों में विधि (कानून) की पढ़ाई कर रहे छात्रों की कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित की जाए। वहीं शिक्षा विभाग को यूसीसी दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालयों में निबंध, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित कराने तथा विजेता छात्रों को कार्यक्रम स्थल तक लाने-ले जाने की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया है।

इसके अतिरिक्त बार काउंसिल और स्थानीय बार एसोसिएशन के प्रमुख पदाधिकारियों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग को मंच, हॉल, साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन और टेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था मजबूत रखने को कहा गया है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जलपान, पेयजल, बिजली, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित नोडल अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.