प्रदेश के खिलाड़ियों का भविष्य उज्ज्वल है और सरकार उन्हें हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यह बात खेल मंत्री रेखा आर्य ने मंगलवार को युवा केंद्र आमवाला में आयोजित मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी प्रतियोगिता के दौरान कही। इस अवसर पर उन्होंने संसदीय क्षेत्र स्तरीय जूडो प्रतियोगिता के विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि पूर्व में प्रदेश के खिलाड़ियों को पर्याप्त संसाधन और प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, लेकिन वर्तमान में सरकार द्वारा बेहतर खेल ढांचा विकसित किया गया है। प्रदेश में आधुनिक खेल सुविधाएं, प्रशिक्षक और प्रतियोगिताएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि युवा खिलाड़ी मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत के साथ अभ्यास करें तो वे न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। खेल मंत्री ने विश्वास जताया कि जो युवा खेलों के क्षेत्र में गंभीरता से आगे बढ़ रहे हैं, उनका भविष्य सुरक्षित है।
रेखा आर्य ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे अभी से वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों और 2036 के ओलंपिक खेलों की तैयारी में जुट जाएं। प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में उत्तराखंड के अधिक से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग करें और पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित करें।
इस अवसर पर जूडो अंडर-19 प्रतियोगिता के 55 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता सार्थक ममगाई, रजत पदक विजेता मोहसिन तथा कांस्य पदक विजेता दीपक पटवाल और विवान शर्मा को मेडल प्रदान किए गए। वहीं, अंडर-60 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता हिमांशु, रजत पदक विजेता शिवराज तथा कांस्य पदक विजेता आयुष भट्ट और प्रियांशु मेहता को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपनिदेशक एस.के. जयराज, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य राजेश ममगाई, शक्ति सिंह सहित अनेक खेल प्रेमी, अधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर उन्हें बड़े मंच के लिए तैयार करना रहा।