After Header-1

हरिद्वार में बड़ा प्रशासनिक एक्शन: सरकारी जमीन से हटाई गई अवैध धार्मिक संरचना

उत्तराखंड में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ धामी सरकार का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को हरिद्वार जनपद के रुड़की स्थित पिरान कलियर क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गंगा नहर के किनारे बनी एक अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। यह मजार उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग की भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई थी।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि पीपल चौक, गंगा घाट क्षेत्र में सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध धार्मिक संरचना का निर्माण किया गया था। प्रशासन की ओर से करीब एक माह पूर्व संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का समय दिया गया था। तय समयावधि समाप्त होने के बाद भी जब अवैध निर्माण नहीं हटाया गया, तो प्रशासन ने कार्रवाई करने का निर्णय लिया।

बुधवार को रुड़की के प्रशासनिक मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में सिंचाई विभाग, पुलिस और अन्य विभागों की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मजार को हटाया। कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई, लेकिन पुलिस ने विरोध कर रहे लोगों को मौके से तितर-बितर कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पहले से ही पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई में जेसीबी मशीनों के साथ-साथ बड़ी संख्या में मजदूरों को लगाया गया। उल्लेखनीय है कि धामी सरकार अब तक प्रदेशभर में सरकारी भूमि पर बनी 572 अवैध संरचनाओं को हटवा चुकी है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.