विश्वस्तरीय धार्मिक स्थल बनेगा राहु मंदिर, डीएम के निरीक्षण के साथ तेज हुई कवायद

उत्तराखंड के पौड़ी जनपद स्थित पैठाणी का प्रसिद्ध राहु मंदिर जल्द ही अंतरराष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में अपनी नई पहचान बनाने जा रहा है। मंदिर के समग्र विकास और जीर्णोद्धार को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में पौड़ी की जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राहु मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और श्रद्धालुओं के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का विस्तार से जायज़ा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि इससे पूर्व भी उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया था, जिसके बाद राहु मंदिर के समग्र विकास के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराई गई। परियोजना को प्राथमिकता देते हुए तत्काल स्वीकृति प्रदान की गई, ताकि कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। इसके पश्चात सभी संबंधित विभागों, अभियंताओं और हितधारकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर मंदिर के स्वरूप, प्रस्तावित सुविधाओं और विकास की दिशा पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

राहु मंदिर को विश्वस्तरीय धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से अभियंताओं की टीम द्वारा कई चरणों में तकनीकी निरीक्षण और आकलन किया गया। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हों और भविष्य में लंबे समय तक टिकाऊ साबित हों। सभी आवश्यक प्रक्रियाओं के बाद जिला स्तर से धनराशि स्वीकृत की गई और विकास कार्यों को सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए पुजारियों से भी संवाद किया। उन्होंने पुजारियों की आवासीय सुविधा, श्रद्धालुओं के लिए प्रस्तावित धर्मशाला, विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था की स्थिति का जायज़ा लिया। साथ ही, इन सभी सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधार कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि मंदिर परिसर के अन्य कक्षों और भवनों का विकास पारंपरिक पहाड़ी स्थापत्य शैली में किया जाए, ताकि स्थानीय संस्कृति और वास्तुकला की पहचान बनी रहे।

जिलाधिकारी ने बताया कि राहु मंदिर को दिव्य, भव्य और विश्वस्तरीय धार्मिक स्थल के रूप में विकसित करने के लिए एक विशाल प्रांगण और आकर्षक परिक्रमा पथ का निर्माण किया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान बेहतर सुविधा और आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त होगी। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वेटिंग रूम, प्रसाधन गृह, शू रैक, बैठने के लिए बेंच सहित कई आधुनिक सुविधाएं प्रस्तावित की गई हैं, ताकि उन्हें सुव्यवस्थित और आरामदायक वातावरण मिल सके।

उन्होंने कहा कि सड़क से मंदिर तक के संपर्क मार्ग को चौड़ा और सुदृढ़ करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही मुख्य सड़क पर निर्माणाधीन प्रवेश द्वार को पहाड़ी स्थापत्य शैली के अनुरूप भव्य स्वरूप दिया जाएगा। मंदिर तक पहुंचने वाली सीढ़ियों को चौड़ा, सुरक्षित और आकर्षक बनाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए उपयुक्त पार्किंग स्थल का चिन्हांकन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

मंदिर परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए हाईमास्ट लाइट लगाए जाने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए, ताकि रात्रि के समय भी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के दौरान मंदिर के पौराणिक, धार्मिक और प्राकृतिक स्वरूप से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। विकास और संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना ही इस परियोजना की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन घाट का भी निरीक्षण किया और राहु शिला तक श्रद्धालुओं की सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए रेलिंग युक्त प्लेटफॉर्म और पुल निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने पुल के नीचे नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया। इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों से संवाद कर नदी में कूड़ा न डालने के लिए जागरूक किया और स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

मंदिर समिति के अध्यक्ष विनोद सिंह रावत ने मंदिर परिसर में हो रहे विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों की सराहना की। वहीं ग्रामीण निर्माण निगम के अधिशासी अभियंता सुनील जोशी ने स्वीकृत योजना के अनुसार चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य डॉ. शिवचरण नौडियाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षित जोशी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.