उत्तराखंड के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए अहम खबर सामने आई है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं की तिथियों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। परिषद के अनुसार इस वर्ष बोर्ड की लिखित परीक्षाएं 21 फरवरी से प्रारंभ होकर 20 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी। वहीं, प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 जनवरी से 15 फरवरी के बीच संपन्न कराई जाएंगी।
परीक्षा समिति की बैठक के बाद परिषद के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि बोर्ड परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे प्रदेश में कुल 1261 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 156 केंद्र संवेदनशील और 6 केंद्र अति संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं, जहां विशेष निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।
इस वर्ष उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में कुल 2 लाख 16 हजार 121 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 1 लाख 12 हजार 679 और इंटरमीडिएट के 1 लाख 3 हजार 442 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। बोर्ड की मुख्य परीक्षाएं प्रतिदिन पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 1 बजे तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा तिथियों की घोषणा के बाद छात्रों ने अपनी तैयारी को और तेज कर दिया है।