चील चक्कर मोड़ पर दहशत भरा मंजर: पेड़ से टकराकर खाई में समाई कार

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में मंगलवार शाम हनुमानगढ़ी क्षेत्र के पास एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। चील चक्कर मोड़ के समीप एक स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराई और फिर गहरी खाई में जा गिरी। कार में सवार पांच लोग इस दुर्घटना में घायल हो गए। सभी यात्री उत्तर प्रदेश से नैनीताल घूमने आ रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही आपदा कंट्रोल कक्ष नैनीताल के निर्देश पर एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दुर्गम और खतरनाक स्थल होने के बावजूद राहत एवं बचाव दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रस्सियों की मदद से खाई में फंसे सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी को तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से बीडी पांडे जिला चिकित्सालय भेजा गया।

एसडीआरएफ की टीम उप निरीक्षक भावना बिष्ट के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। घायल यात्रियों की पहचान रामपुर निवासी तेजेंद्र सिंह (26), करनदीप (21), विक्रमजीत (21), अकबाल सिंह (27) और हिमांशु (20) के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। प्रशासन ने राहत कार्यों की सराहना की है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.