हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। मोहम्मदपुर झाल के पास तेज रफ्तार से दौड़ रही एक किया सेल्टोस कार अनियंत्रित होकर गंगनहर में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार मेरठ के दो युवकों की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात सूचना मिली कि मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर झाल के समीप एक कार गंगनहर में गिरी हुई है। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर देखा गया कि ग्रे रंग की किया सेल्टोस कार गंगनहर में पूरी तरह डूबी हुई थी। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने झाल कर्मचारियों की मदद से तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद कार के भीतर से दो युवकों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया। दोनों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सौरभ शर्मा (25 वर्ष), पुत्र राजकुमार शर्मा और पुनीत (25 वर्ष), पुत्र आशुतोष, निवासी कुराली थाना जानी, जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से गंगनहर से बाहर निकाला गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। मोड़ पर संतुलन बिगड़ने के कारण कार सीधे गंगनहर में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों को अवगत कराया गया, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
वहीं वाहन के पंजीकृत स्वामी विवेक शर्मा ने पुलिस को फोन पर बताया कि दोनों युवक किसी निजी कार्य से रुड़की आए थे। अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।