नए साल का जश्न स्विट्जरलैंड में एक दिल दहला देने वाली त्रासदी में बदल गया। क्रांस-मोंटाना के प्रसिद्ध अल्पाइन रिजॉर्ट में स्थित एक बार में भीषण आग लगने से कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि 115 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए। यह हादसा उस समय हुआ जब लोग नए साल का जश्न मना रहे थे। देखते ही देखते खुशियों से भरा माहौल चीख-पुकार और अफरातफरी में बदल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग आधी रात के बाद करीब 1:30 बजे बेसमेंट में बने एक बार में लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक धुआं फैल गया और लोग बाहर निकलने के रास्ते तलाशते रहे, लेकिन कई को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। चश्मदीदों ने बताया कि आग तेजी से फैली और कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका धुएं से भर गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं। राहत-बचाव अभियान में करीब 140 कर्मियों, 42 एंबुलेंस और 13 हेलीकॉप्टरों को लगाया गया। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सुबह 4:14 बजे एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया ताकि लापता लोगों की जानकारी मिल सके।
स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाई परमेलिन ने इस घटना को “राष्ट्रीय त्रासदी” बताया और पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। वहीं, वालिस कैंटन के अधिकारियों ने कहा कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीड़ितों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जिनमें इटली और फ्रांस के लोग हो सकते हैं।
जांच एजेंसियों का मानना है कि आग संभवतः ‘फेस्टिव स्पार्कलर्स’ के कारण लगी, जिन्हें नाइट क्लबों में सजावटी रूप से इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने यह भी कहा है कि यह जांच का विषय है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
स्विट्जरलैंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल क्रांस-मोंटाना में हुआ यह हादसा पूरे देश को झकझोर गया है। नए साल की शुरुआत जहां जश्न और उम्मीदों से भरी होनी थी, वहीं यह त्रासदी लंबे समय तक लोगों के दिलों में दर्द बनकर रहेगी।