पश्चिम बंगाल में सर्दी ने एक बार फिर अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी कोलकाता समेत पूरे दक्षिण बंगाल में ठंडी हवाओं के चलते लोगों की कंपकंपी बढ़ गई है। सुबह और रात के समय तापमान गिरने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है।
कैनिंग से लेकर काकद्वीप, आसनसोल से हुगली तक ठंडी हवाएं लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर रही हैं। खासकर सुबह और देर रात के समय घना कोहरा छा जाने से दृश्यता काफी कम हो जा रही है। अलीपुर मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम बर्दवान जिलों में अगले चार से पांच दिनों तक घना कोहरा बना रह सकता है।
उत्तर बंगाल में मौसम का मिजाज और भी सख्त होता नजर आ रहा है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कलिम्पोंग जैसे पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान और गिर सकता है, जिससे बर्फबारी की स्थिति बन सकती है। इससे पर्यटन गतिविधियों पर भी असर पड़ सकता है।
हालांकि फिलहाल उत्तर बंगाल के न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन सुबह के समय घना कोहरा बने रहने की चेतावनी दी गई है। इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
शुक्रवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 1.1 डिग्री कम है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक सर्द हवाओं का असर जारी रहेगा और लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
ठंड और कोहरे के इस दौर में प्रशासन ने बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है, वहीं पहाड़ी इलाकों की ओर यात्रा करने वालों को मौसम अपडेट पर नजर रखने की अपील की गई है।