रुड़की। राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देने के उद्देश्य से वॉइस इंडिया द्वारा “एक शाम राष्ट्रीय एकता के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी एवं अधिवक्ता अंकुश राज ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत की पहचान सदियों से आपसी सौहार्द, भाईचारे और सह-अस्तित्व की भावना रही है।
अंकुश राज ने कहा कि भारत ने हमेशा विश्व को “वसुधैव कुटुंबकम” का संदेश दिया है, जो हमारी राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश में विभिन्न धर्मों, संप्रदायों और जातियों के लोग सदियों से मिल-जुलकर रहते आए हैं, यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम के संयोजक एवं वॉइस इंडिया के निदेशक मोहम्मद सलीम खान ने कहा कि भारत की राष्ट्रीय एकता और अखंडता के सामने पूरा विश्व नतमस्तक है। उन्होंने कहा कि यदि कोई देश या ताकत भारत की ओर गलत नजर उठाने का प्रयास करता है, तो हमारे वीर सैनिक और देश की जनता उसका मुंहतोड़ जवाब देने में पूरी तरह सक्षम हैं।
कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व देश के महान अभिनेता धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद कलाकारों ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता पर आधारित गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और एकता के इस संदेश को सराहा।