After Header-1

बनबसा में खेल सुविधाओं को मिलेगी नई उड़ान, सीएम धामी ने कई विकास कार्यों की रखी नींव

बनबसा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय चम्पावत दौरे के दौरान बनबसा मिनी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट और पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से खेलों को दिनचर्या में शामिल करने, नशे से दूर रहने और अनुशासित जीवन अपनाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को सम्मानित करना उनके परिश्रम और समर्पण का सम्मान है। खेल सुविधाओं का विस्तार होने से युवाओं को अभ्यास और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाने और चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बनबसा के चूना भट्ठा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चंद स्टेडियम में चार विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें 28 लाख रुपये की लागत से दर्शकदीर्घा स्टैंड, 20 लाख रुपये से पहुंच मार्ग और 20 लाख रुपये से बाउंड्री वॉल का निर्माण शामिल है। इसके अलावा सीएसआर के तहत 150.20 लाख रुपये की लागत से बैडमिंटन हॉल बनाया जाएगा। इन कार्यों से खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी।

कार्यक्रम में बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली साधना और बालक वर्ग में प्रथम स्थान हासिल करने वाले जतिन चंद को पुरस्कृत किया गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि लोहाघाट में करीब 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज विकसित किया जा रहा है। वहीं, 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 50 बिस्तरों का क्रिटिकल केयर ब्लॉक गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद करेगा।

टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल बनाया जा रहा है। मां पूर्णागिरि धाम और शारदा कॉरिडोर से जुड़े विकास कार्यों से धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन की सीएसआर पहल के तहत वन प्रभाग हल्द्वानी और चम्पावत को उपलब्ध कराए गए तीन टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन वाहनों से वन विभाग के कामकाज और पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल, स्वास्थ्य, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं का विकास सरकार की प्राथमिकता है। जनसहभागिता से ही चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.