देहरादून। पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद बंसल के नेतृत्व में गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की और आगामी 13 से 15 दिसंबर तक देहरादून में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय जनसंपर्क अधिवेशन के लिए औपचारिक आमंत्रण सौंपा। प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को अधिवेशन का ब्रोशर भेंट कर संस्था की गतिविधियों और उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस वर्ष अधिवेशन का मुख्य विषय “विकसित भारत @ 2047 में जनसंपर्क की भूमिका” निर्धारित किया गया है। इसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से 300 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। साथ ही उत्तराखंड के रजत जयंती वर्ष को ध्यान में रखते हुए राज्य की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर केंद्रित विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के विज़न को साकार करने में जनसंपर्क की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड के पर्यटन, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग में जनसंपर्क माध्यम अहम योगदान दे सकते हैं।
सीएम ने सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग, जनता से निरंतर संवाद, फेक न्यूज़ की रोकथाम तथा मीडिया व जनसंपर्क क्षेत्र में एआई के बढ़ते प्रभाव पर गंभीर मंथन की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर PRSI देहरादून चैप्टर के अध्यक्ष रवि बिजारनिया, सचिव अनिल सती, कोषाध्यक्ष सुरेश भट्ट सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।