रुड़की। ऋषिकेश इंटरनेशनल स्कूल के वार्षिकोत्सव में शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए युवा भाजपा नेता एवं फोनिक्स यूनिवर्सिटी के चेयरमैन इंजीनियर चैरब जैन को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर इंजीनियर जैन ने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह सम्मान शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।
इंजीनियर चैरब जैन लंबे समय से राजनीति और समाज सेवा के साथ—साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनकी यूनिवर्सिटी से देशभर के हजारों छात्र गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। साथ ही वे शिक्षा के प्रचार-प्रसार में भी उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।
ऋषिकेश में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इंजीनियर जैन को सम्मानित करते हुए कहा कि **शिक्षा केवल नौकरी पाने का साधन नहीं है**, बल्कि यह चरित्र निर्माण, राष्ट्र निर्माण और मानवता के उत्थान की नींव है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पुस्तकों तक ही सीमित न रखकर नैतिक मूल्यों, संवेदनशीलता, अनुशासन और रचनात्मक सोच से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं को **व्यावहारिक ज्ञान** से जोड़ने की दिशा में इंटर्नशिप, स्किल ट्रेनिंग और प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ करियर एक्सपोज़र कार्यक्रमों की भी घोषणा की। उनकी यह पहल राज्य के युवाओं को नवाचार और स्टार्टअप की दिशा में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करेगी।
सम्मान पाकर इंजीनियर चैरब जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाना उनके लिए अत्यंत गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी शिक्षा नीति को लेकर गंभीर हैं और राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार महत्वपूर्ण प्रयास कर रहे हैं।
इंजीनियर जैन ने कहा कि शिक्षा का लक्ष्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि **व्यक्ति के सर्वांगीण विकास** को सुनिश्चित करना है। शिक्षा मनुष्य को ज्ञान, चरित्र और नैतिक मूल्यों से समृद्ध करती है, जिससे वह समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझ सके।
उन्होंने कहा कि शिक्षा लड़कियों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाती है, जिससे वे परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।