रोनाल्डो बिना भी चमत्कार—क्या 2026 में पुर्तगाल करेगा इतिहास?

नई दिल्ली। फीफा विश्व कप 2026 के यूरोपीय क्वालिफायर में पुर्तगाल ने एक बार फिर अपनी ताकत का जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए अगले विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर लिया। पोर्टो के एस्टादियो डो द्रागाओ में खेले गए अंतिम क्वालिफायर मुकाबले में पुर्तगाल ने आर्मेनिया को 9-1 से हराया। यह जीत इसलिए भी खास रही, क्योंकि टीम के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो निलंबन के कारण मैदान में नहीं थे, बावजूद इसके रोबर्टो मार्टिनेज़ की टीम ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक रणनीति से मैच पूरी तरह अपने नियंत्रण में रखा।

अगले साल होने वाले विश्व कप में जगह पक्की करने के लिए पुर्तगाल को हर हाल में जीत की जरूरत थी और टीम ने यह लक्ष्य दो शानदार हैट्रिक की मदद से हासिल किया। पहले ब्रूनो फर्नांडीस ने अपनी लयदार फुटबॉल का प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक दागी, इसके बाद युवा उभरते स्टार जोआओ नेवेस ने तीन गोल ठोककर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा।

विश्व कप इतिहास में पुर्तगाल का सफर

फीफा विश्व कप में पुर्तगाल का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम ने पहली बार 1966 में विश्व कप खेला और धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया—यह आज भी उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जाता है। इसके बाद 1986 और 2002 में टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई।

2006 विश्व कप पुर्तगाल के लिए उम्मीदों से भरा रहा, जहां टीम चौथे स्थान पर रही। आगे 2010 और 2018 में पुर्तगाल प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुंचा। हालांकि 2014 में टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। हालिया 2022 विश्व कप में पुर्तगाल ने एक बार फिर दमदार खेल दिखाया और क्वार्टरफाइनल तक का सफर तय किया।

अब 2026 विश्व कप के लिए लगातार सातवीं बार क्वालीफाई करने के बाद पुर्तगाल से उम्मीदें और बढ़ गई हैं। टीम का आक्रमण, नई युवा ऊर्जा और मार्टिनेज़ की रणनीति यह संकेत देती है कि पुर्तगाल आने वाले विश्व कप में एक बार फिर बड़ा धमाका कर सकता है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.