रुड़की: नेहरू स्टेडियम में आयोजित 33वें बाबा श्री खाटूश्याम जन्मोत्सव एवं वार्षिक महोत्सव की रौनक देखते ही बन रही है। दो दिवसीय इस भव्य आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे हजारों श्यामप्रेमी बाबा के दरबार में भक्तिरस में सराबोर झूमते नजर आए।
महोत्सव के पहले दिन श्री श्याम मित्र मंडल समिति ने सामाजिक सद्भाव की अनोखी मिसाल पेश करते हुए ग्यारह निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया। नगरवासियों ने इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग किया, जिसकी सभी ने सराहना की। वहीं दूसरे दिन बाबा श्री खाटूश्याम का भव्य जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया।
रात्रि में आयोजित भजन संध्या में कोलकाता से सौरभ शर्मा, पटियाला से विशाल शैली और रुड़की से दिनेश बजरंगी ने अपने भजनों से ऐसा भक्तिमय वातावरण बनाया कि स्टेडियम में श्रद्धालु देर रात तक झूमते और भावविभोर होते रहे। मंच संचालन सिरसा से आए रिंकू गोयल ने किया।
इस अवसर पर बाबा श्री खाटूश्याम को 56 भोग तथा विशेष रूप से तैयार किया गया 51 किलो का मिल्क केक अर्पित किया गया। बाबा का दिव्य श्रृंगार कोलकाता से मंगाए गए विदेशी फूलों और सुगंधित इत्रों से किया गया, जिसे देखने वाले श्रद्धालु मंत्रमुग्ध रह गए। पूरा वातावरण भक्ति, फूलों की खुशबू और श्याम नाम के जयघोष से गूंज उठा। देर रात हुई भव्य आतिशबाजी ने महोत्सव की शोभा में चार चांद लगा दिए।
श्री श्याम मित्र मंडल समिति के अध्यक्ष राहुल बंसल ने बताया कि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य भक्ति, सामाजिक समरसता और सेवा को एक सूत्र में जोड़ना है। उन्होंने नगरवासियों के सहयोग और अपार प्रेम के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोक जनशक्ति पार्टी के युवा राष्ट्रीय महासचिव राघव दास, मेयर अनीता देवी अग्रवाल, भाजपा नेता इंजीनियर चैरब जैन, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री पूजा गुप्ता, भाजपा नेता ललित मोहन अग्रवाल, रश्मि चौधरी, आदित्य अग्रवाल, युवा नेता ध्रुव गुप्ता, समाजसेवी मनोज वर्मा, और कांग्रेस युवा नेता प्रणय प्रताप सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
रुड़की में आयोजित यह दो दिवसीय श्याम महोत्सव श्रद्धा, भक्ति, सामाजिक एकता और सौहार्द का अनुपम संगम बन गया, जिसने नगरवासियों के हृदय में अमिट छाप छोड़ी।