गांधीनगर। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर गुजरात के एकता नगर में शुक्रवार को राष्ट्रीय एकता दिवस का भव्य आयोजन हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में देशभर के पुलिस और सुरक्षा बलों की शानदार परेड निकाली गई। प्रधानमंत्री मोदी ने इस परेड की सलामी ली।
इस परेड की विशेषता रही *नारी सशक्तीकरण* — जहां विभिन्न बलों की कमान महिलाओं ने संभाली और अपने सशक्त नेतृत्व का परिचय दिया। महिला अधिकारियों ने अनुशासन, पराक्रम और एकता का ऐसा प्रदर्शन किया जिसने दर्शकों की तालियाँ बटोरीं।
परेड में सीमा सुरक्षा बल (BSF) और उसका बैंड, इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (ITBP), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और उसका बैंड, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), सशस्त्र सीमा बल (SSB), दिल्ली पुलिस बैंड सहित विभिन्न राज्यों — आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, मध्यप्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, केरल और त्रिपुरा की पुलिस टुकड़ियाँ शामिल रहीं।
इसके अलावा एनसीसी, माउंटेड कंटिंजेंट, कैमल कंटिंजेंट, कैमल माउंटेड बैंड और क्लीनिंग मशीन कंटिंजेंट ने भी अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। पूरे आयोजन में एक ही संदेश गूंजता रहा — *“एक भारत, श्रेष्ठ भारत”*।
