चंडीगढ़। भारत-पाकिस्तान सीमा पर नशे और हथियारों की तस्करी रोकने में बीएसएफ को बड़ी सफलता मिली है। पंजाब के सीमावर्ती जिलों अमृतसर और फिरोजपुर में ऑपरेशन चलाकर बीएसएफ ने तीन पाकिस्तानी ड्रोन, हेरोइन और हथियार बरामद किए हैं।
बीएसएफ प्रवक्ता ने बताया कि सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें स्थानीय पुलिस का भी सहयोग लिया गया। जांच के दौरान जवानों ने धनोई कलां, रानियां, दाओके और हबीब वाला गांवों से *डीजेआई माविक-3* मॉडल के तीन ड्रोन, 3.8 किलोग्राम से अधिक हेरोइन और गोला-बारूद बरामद किया।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि ये ड्रोन पाकिस्तान की ओर से उड़ाकर भारतीय सीमा में नशीले पदार्थ गिराने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे। बीएसएफ ने पूरे इलाके को सील कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
बीएसएफ प्रवक्ता ने कहा कि यह बरामदगी सीमा सुरक्षा बल की सतर्कता और दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि बीएसएफ सीमाओं की रक्षा में न केवल हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार है, बल्कि सीमा पार से आने वाले किसी भी खतरे को तुरंत नाकाम करने में सक्षम है।
