कुआलालंपुर। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आज से दो दिवसीय आसियान शिखर सम्मेलन की शुरुआत हो गई है। इस वर्ष सम्मेलन की थीम है— “Inclusivity and Sustainability” (समावेशिता और सततता)। इसमें दक्षिण-पूर्व एशिया के दस देशों के साथ व्यापार, सुरक्षा, शिक्षा और संस्कृति जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
भारत की ओर से विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर इस शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल माध्यम से सम्मेलन से जुड़ेंगे। मोदी ने पहले ही स्पष्ट किया था कि वे 47वें आसियान शिखर सम्मेलन के लिए मलेशिया नहीं जाएंगे, बल्कि डिजिटल माध्यम से शामिल होंगे। उन्होंने इस बारे में एक्स (पूर्व ट्विटर) पर जानकारी साझा की।
सम्मेलन का बड़ा आकर्षण अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मलेशिया यात्रा है। ट्रंप इस सम्मेलन में भाग लेने के साथ-साथ मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। दोनों नेताओं के बीच थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद पर शांति समझौते को अंतिम रूप देने पर चर्चा होगी।
गौरतलब है कि साल 2017 के बाद ट्रंप पहली बार आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। यह सम्मेलन न केवल क्षेत्रीय सहयोग को नई दिशा देगा, बल्कि भारत, अमेरिका और आसियान देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को भी मजबूत करेगा।
