बड़ा खुलासा! बिना रजिस्ट्रेशन चल रहा था हिल टॉप व्यू होम स्टे, पुलिस ने किया पर्दाफाश!

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के औली गांव स्थित हिल टॉप व्यू होम स्टे पर शनिवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा। ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस की छापेमारी के दौरान कई युवक-युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए।

पुलिस के अनुसार, यह होम स्टे बिना किसी सरकारी रजिस्ट्रेशन या अनुमति के संचालित किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान मौके से मुजफ्फरनगर निवासी संचालक अंकित वेदवान को हिरासत में लेकर रायपुर थाने ले जाया गया। बताया जा रहा है कि स्थानीय ग्रामीण काफी समय से इस अवैध गतिविधि की शिकायतें कर रहे थे, लेकिन संचालक हर बार उन्हें धमकाकर चुप करा देता था।

ग्रामीणों के अनुसार, अंकित वेदवान आए दिन इलाके में विवाद करता था और ग्रामीणों के विरोध पर जान से मारने की धमकी देता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह होम स्टे देह व्यापार और नशे के कारोबार का अड्डा बन चुका था, जिससे गांव की शांति भंग हो रही थी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस अवैध गतिविधि के पीछे एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है, जिसकी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश, विशेषकर मुजफ्फरनगर क्षेत्र के कुछ लोग, उत्तराखंड में छोटी-छोटी जमीनें खरीदकर होम स्टे और कैफे के नाम पर अनैतिक कार्य कर रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, ये लोग न केवल देह व्यापार और नशे की आपूर्ति में लिप्त हैं, बल्कि स्थानीय युवतियों को जाल में फंसाकर शादी तक कर लेते हैं ताकि अपने अवैध कारोबार को वैधता की आड़ दी जा सके।

रायपुर पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और यह भी संभावना जताई जा रही है कि प्रदेश के अन्य इलाकों में भी ऐसे कई अवैध होम स्टे और कैफे संचालित हो रहे हैं, जिन पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.