उत्तराखंड को मिलेगी रेल विकास की रफ्तार! धामी की मुलाकात में देहरादून-हरिद्वार स्टेशन होंगे ‘आदर्श’

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर उत्तराखंड में रेल अवसंरचना के विस्तार और सुधार को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की। बैठक के दौरान राज्य की प्रमुख रेल परियोजनाओं और स्टेशनों के विकास को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

देहरादून और हरिद्वार स्टेशन बनेंगे आदर्श रेलवे स्टेशन

मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून और हरिद्वार रेलवे स्टेशनों को आदर्श रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित करने का अनुरोध किया। उन्होंने दोनों स्टेशनों के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण का पूरा व्यय केंद्र सरकार द्वारा वहन किए जाने की मांग रखी।
रेल मंत्री वैष्णव ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए कहा कि केंद्र इस परियोजना की वित्तीय जिम्मेदारी को लेकर परीक्षण करेगा और उचित निर्णय लिया जाएगा।

टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना में नए क्षेत्रों को जोड़े जाने का सुझाव

मुख्यमंत्री ने टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना के संरेखण में अल्मोड़ा और सोमेश्वर क्षेत्रों को जोड़ने की संभावनाओं पर विचार करने का अनुरोध किया। उन्होंने सुझाव दिया कि इस परियोजना में टनल निर्माण के साथ-साथ सड़क मार्ग का भी प्रावधान होना चाहिए। इस पर रेल मंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

ऋषिकेश का पुराना रेलवे स्टेशन राज्य को सौंपे जाने का अनुरोध

सीएम धामी ने ऋषिकेश के पुराने रेलवे स्टेशन को स्थायी रूप से बंद करने और उसकी भूमि राज्य सरकार को हस्तांतरित करने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि यदि योगनगरी रेलवे स्टेशन के संचालन के लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता होगी, तो राज्य सरकार सहयोग के लिए तैयार है। रेल मंत्री ने इस पर सैद्धांतिक सहमति दी।

देहरादून-टनकपुर ट्रेन अब सप्ताह में तीन दिन चलेगी

मुख्यमंत्री के अनुरोध पर रेल मंत्री ने देहरादून-टनकपुर वीकली ट्रेन को सप्ताह में तीन बार चलाने पर भी सहमति दे दी।

इन प्रस्तावों से उत्तराखंड के रेल नेटवर्क को नई गति मिलने की उम्मीद है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा और तेज़ कनेक्टिविटी प्राप्त होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.