बच्चों की सेहत पर सरकार का फोकस — प्रतिबंधित कफ सिरप पर बड़ी कार्रवाई, जानिए क्या बोले मुख्यमंत्री धामी
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप बच्चों के लिए प्रतिबंधित कफ सिरप्स पर बड़ी कार्रवाई शुरू की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफडीए) की टीमों ने प्रदेशभर में औचक निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है।
देहरादून क्षेत्र में औषधि विभाग की टीम ने कई मेडिकल स्टोरों और शिशु रोग (Paediatric) अस्पतालों के मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ दुकानों पर Dextromethorphan Hydrobromide, Chlorpheniramine Maleate और Phenylephrine Hydrochloride युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप्स का भंडारण पाया गया। औषधि विभाग ने इन उत्पादों को सीज़ करते हुए छह प्रकार के नमूने फॉर्म-17 के तहत राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेजे हैं, जहाँ उनकी गुणवत्ता और सुरक्षा की जांच होगी।
अपर आयुक्त एफडीए व ड्रग कंट्रोलर ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान Coldrif, Respifresh TR और Relife जैसी सिरप्स उपलब्ध नहीं पाई गईं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य किसी भी प्रतिबंधित या बिना अनुमति वाली औषधि की बिक्री को पूरी तरह रोकना है। विभाग ने सभी औषधि विक्रेताओं को चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य, औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम 1940 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “सरकार की प्राथमिकता प्रदेशवासियों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और प्रमाणित औषधियाँ उपलब्ध कराना है।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि औषधि विक्रेताओं और अस्पतालों में नियमित निरीक्षण और सैंपलिंग प्रक्रिया को और मजबूत किया जाए।
वहीं, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने स्पष्ट कहा कि “बच्चों की सेहत से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनस्वास्थ्य सर्वोपरि है, और औषधि विभाग की यह सख्ती उसी दिशा में एक ठोस कदम है।”
निरीक्षण अभियान का नेतृत्व उप औषधि नियंत्रक हेमंत सिंह नेगी ने किया। उनके साथ सहायक औषधि नियंत्रक सुधीर सिंह, औषधि निरीक्षक मानेंद्र सिंह राणा, निधि रतूड़ी, और विनोद जगुड़ी शामिल रहे। विभाग ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि प्रदेश के हर नागरिक तक केवल सुरक्षित और मानक औषधियाँ ही पहुँचें।