रुड़की। भाजपा जिला रुड़की द्वारा आयोजित आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत एक दिवसीय जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
मुख्य वक्ता दीप्ति रावत ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि “स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना, स्वदेशी उद्योगों को सशक्त बनाना और युवाओं में उद्यमिता की भावना जगाना ही सच्चे अर्थों में आत्मनिर्भर भारत का सार है।”
दीप्ति रावत ने आगे कहा कि “हमें लोकल से वोकल बनकर अपने देश के उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलानी होगी। विदेशी निर्भरता कम करने के लिए तकनीकी, औद्योगिक और कृषि क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करना जरूरी है।”
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत केवल आर्थिक स्वावलंबन का नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सम्मान और आत्मबल का प्रतीक है। हर कार्यकर्ता को इस अभियान का संदेश जन-जन तक पहुँचाना चाहिए ताकि हर नागरिक भारत के विकास में सहभागी बन सके।”
जिला प्रभारी आदित्य चौहान ने अभियान की संगठनात्मक रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियाँ सौंपीं।
इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह को “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” का जिला प्रभारी घोषित किया गया। उनके नेतृत्व में आगामी तीन महीनों तक जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएँ और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी, राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, देशराज कर्णवाल, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष अनीस गौड़, भाजपा ओबीसी मोर्चा के वरिष्ठ नेता चौधरी धीर सिंह, और कई जिला एवं मंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संपूर्ण कार्यक्रम में आत्मनिर्भर भारत के विज़न को साकार करने की दृढ़ संकल्पना और संगठनात्मक एकता का परिचय देखने को मिला।