After Header-1

देहरादून की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 12.28 लाख से अधिक मतदाता दर्ज; जानिए कितने नाम जुड़े और कितने कटे

देहरादून। जनपद में विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 12,28,746 मतदाता पंजीकृत किए गए हैं। इनमें 6,32,396 पुरुष, 5,96,300 महिलाएं और 50 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। पुनरीक्षण के दौरान 35,883 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि विभिन्न कारणों से 1,934 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।

मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति को लेकर मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इस दौरान राजनीतिक दलों को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची की सॉफ्ट और हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई गई।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसमें युवा और पहली बार मतदान के योग्य होने वाले नागरिकों के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया। अभियान के तहत 12 नवंबर 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई है।

उन्होंने बताया कि 4 से 31 अक्टूबर 2026 तक चले पुनरीक्षण अभियान में 16,316 पुरुष, 19,563 महिलाएं और चार ट्रांसजेंडर मतदाताओं के नाम जोड़े गए। वहीं, 961 पुरुष, 969 महिलाएं और चार ट्रांसजेंडर मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 से पहले जनपद में कुल 11,94,797 मतदाता पंजीकृत थे। नए नाम जुड़ने और अपात्र प्रविष्टियां हटाए जाने के बाद मतदाताओं की संख्या बढ़कर 12,28,746 हो गई है। इसके अतिरिक्त जनपद के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में 9,263 सर्विस मतदाता भी पंजीकृत हैं। इनमें 8,776 पुरुष और 487 महिला मतदाता शामिल हैं।

प्रशासन के अनुसार, ड्राफ्ट मतदाता सूची पर 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.