आगरा में दुर्गा विसर्जन बना त्रासदी: नदी में बहे दर्जनभर लोग, तीन की मौत

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा सामने आया है। थाना खैरागढ़ क्षेत्र के ग्राम कुसियापुर से एक दर्जन लोग रविवार को प्रतिमा विसर्जन के लिए ऊटंगन नदी के किनारे पहुंचे थे। प्रतिमा को विसर्जित करते समय अचानक नदी के तेज बहाव में सभी लोग बह गए। इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि आठ लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि विसर्जन के दौरान ओमपाल (25) पुत्र रमेश चंद्र, हरीश (20) पुत्र यादव सिंह, गगन (24) पुत्र यादव सिंह, अभिषेक (16) पुत्र कुमार राज, भगवती (22) पुत्र मुरारी लाल, ओकेंद्र (16) पुत्र किशन सिंह, सचिन (16) पुत्र रामवीर, सचिन (17) पुत्र अंतरो, विष्णु (20) पुत्र रामू, गजेंद्र (20) पुत्र रेवती, सुक्कन का पुत्र (20) और मूला (20) पुत्र रामनिवास नदी में डूब गए।

सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। अब तक ओमपाल, गगन और मूला के शव निकाले जा चुके हैं, जबकि विष्णु को गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बाकी 8 लोगों की तलाश अभी जारी है।

हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने शाम को ऊटगिरी चौराहे पर जाम लगाकर प्रशासन से लापता लोगों की तुरंत तलाश की मांग की। बाद में PAC गोताखोर टीम के पहुंचने की सूचना मिलने पर जाम हटा लिया गया।

खबर लिखे जाने तक घटनास्थल पर विधायक खैरागढ़ भगवान कुशवाह, चेयरमैन सुधीर गर्ग, पुलिस आयुक्त आगरा, डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी और भारी पुलिस बल मौजूद थे। सर्च अभियान देर रात तक जारी रहा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। परिजन और ग्रामीण नदी किनारे खड़े होकर लापता लोगों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.