औरैया में सनसनी: दो साल पहले ‘मरी घोषित’ बहू जीवित मिली, ससुराल पर दहेज हत्या का केस

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिस विवाहिता को परिवार और पुलिस ने करीब दो साल पहले मृत मान लिया था, वह अब जीवित मिली है। पुलिस ने उसे मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक बच्चे सहित बरामद किया है। इस खुलासे ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के गांव पढ़ीन की मड़ैया निवासी लगभग 20 वर्षीय महिला की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। विवाह के कुछ समय बाद ही वह अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में अपनी ससुराल से गायब हो गई। मायके पक्ष ने उसकी काफी तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार 23 अक्टूबर 2023 को गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

लंबे समय तक कोई जानकारी न मिलने पर मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। अदालत के आदेश पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना का जिम्मा सीओ सिटी अशोक कुमार को सौंपा गया। जांच में एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया। लगातार तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि विवाहिता मध्य प्रदेश के भिंड में रह रही है। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने दबिश दी और महिला को सुरक्षित बरामद कर औरैया ले आई।

क्षेत्राधिकारी सदर अशोक कुमार सिंह ने बताया कि विवाहिता लगभग दो साल से लापता थी और इसी दौरान उसके मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का केस दर्ज कराया था। फिलहाल महिला से पूछताछ की जा रही है और बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस सनसनीखेज घटना ने इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है। लोग यह जानने को बेताब हैं कि आखिर विवाहिता दो साल से कहां रह रही थी और किस परिस्थिति में वह मध्य प्रदेश पहुंच गई। पुलिस की पूछताछ के बाद ही इस रहस्य से पर्दा उठेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.