बाबूलाल मरांडी की पत्नी और बहु संग बदसलूकी, पूजा समिति पर आरोप

झारखंड की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर हजारीबाग से सामने आई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की पत्नी एवं बहु के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। यह घटना हजारीबाग के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत अमृत नगर में घटी। घटना को लेकर पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात बाबूलाल मरांडी की बहु प्रीति किस्कू अपनी सास के साथ गिरिडीह से रांची जा रही थीं। इस दौरान वे अमृत नगर में रुकीं। इसी दौरान अमृत नगर पूजा समिति के कुछ सदस्यों ने उनके साथ बदसलूकी की। जब प्रीति किस्कू और उनकी सास ने इसका विरोध किया तो समिति के सदस्यों ने उनके चालक के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पीड़िता प्रीति किस्कू ने मामले की शिकायत मुफ्फसिल थाना में दर्ज कराई है। प्राथमिकी में पूजा समिति के सदस्यों पर बदसलूकी और मारपीट का आरोप लगाया गया है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना के समय वहां पर पुलिस के जवान भी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने रोकने का प्रयास नहीं किया। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है।

सूचना मिलने पर आईजी सुनील भास्कर ने मामले का संज्ञान लिया और हजारीबाग एसपी को दोषियों की गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

इस घटना से राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस पर नाराजगी जताई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, स्थानीय लोग भी इस मामले की पारदर्शी जांच की उम्मीद कर रहे हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.