श्री बदरीनाथ धाम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रदेशव्यापी आह्वान पर श्री बदरीनाथ धाम में स्वच्छता सेवा पखवाड़ा बड़े धूमधाम से आयोजित किया गया। नगर पंचायत बदरीनाथ और श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में पर्यटन विभाग, पुलिस प्रशासन, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, होमगार्ड सहित कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल हुए।
अभियान के दौरान बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, वरिष्ठ सदस्य श्रीनिवास पोस्ती, सदस्य महेंद्र शर्मा, मुख्य कार्याधिकारी एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट विजय प्रसाद थपलियाल, प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, नगर पंचायत ईओ सुनील पुरोहित और थाना प्रभारी नवनीत भंडारी ने स्वयं झाड़ू उठाकर बदरीनाथ मंदिर परिसर, ब्रह्मकपाल और अलकनंदा तट स्थित गांधी घाट पर सफाई की। पर्यावरण मित्रों, तीर्थयात्रियों और तीर्थ पुरोहितों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर स्वच्छता शपथ हेतु हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि यह अभियान न केवल सफाई का प्रतीक है, बल्कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर सच्ची श्रद्धांजलि भी है। उन्होंने इसे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष और विजयदशमी के शुभ अवसर पर धाम के लिए गौरवशाली क्षण बताया।
उन्होंने कहा कि देश के दूरदर्शी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में “स्वच्छता ही सेवा” अभियान जन आंदोलन का रूप ले चुका है। यह देखकर गर्व होता है कि तीर्थ नगरी बदरीनाथ में भी यह पवित्र संदेश साकार हो रहा है।