35 साल की दुल्हन, 75 साल का दूल्हा… अगले दिन हुई अचानक मौत

जौनपुर। जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुछमुछ गांव में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 75 वर्षीय संगरू राम की शादी के अगले ही दिन अचानक मौत हो गई। संगरू ने सोमवार को 35 वर्षीय मनभावती से शादी की थी, लेकिन मंगलवार सुबह उनकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट गुरुवार को आई, जिसमें मौत का कारण शॉक/कोमा बताया गया है। गौराबादशाहपुर थाना प्रभारी प्रवीण यादव ने इसकी पुष्टि की है। घटना के बाद से गांव में सनसनी फैल गई है।

संगरू राम की पत्नी का एक साल पहले निधन हो गया था और उनकी कोई संतान नहीं थी। अकेलेपन के चलते उन्होंने दोबारा शादी करने का फैसला लिया। इसके लिए उन्होंने अपनी पांच बिस्वा जमीन 5 लाख रुपये में बेच दी थी और शादी की तैयारियों पर करीब 20 हजार रुपये खर्च किए थे।

दूसरी ओर, मनभावती की यह दूसरी शादी थी। उनके पहले से तीन बच्चे हैं। मनभावती ने बताया कि वह इस शादी के लिए पूरी तरह राजी नहीं थीं, लेकिन शादी कराने वाले व्यक्ति ने उन्हें विश्वास दिलाया था कि संगरू उनके बच्चों की जिम्मेदारी उठाएंगे।

सोमवार को कोर्ट मैरिज और मंदिर में विवाह संपन्न हुआ। शादी की रात संगरू और मनभावती देर तक बातचीत करते रहे। लेकिन अगले ही दिन सुबह संगरू की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनकी जिंदगी का सफर यहीं थम गया।

यह घटना न केवल परिवार, बल्कि पूरे गांव के लिए चर्चा का विषय बन गई है। शादी के अगले ही दिन हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि पुलिस ने मौत को प्राकृतिक बताया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.