समर्पण जन कल्याण संगठन का विशेष आयोजन – 125 से अधिक बच्चों ने लिया हिस्सा

रुड़की। समर्पण जन कल्याण संगठन की महिला शाखा द्वारा संस्कार पब्लिक स्कूल में बच्चों के लिए विशेष बाल संस्कार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों को संस्कारित करना और उन्हें सामाजिक व नैतिक मूल्यों से जोड़ना रहा।

शिविर के दौरान महिला शाखा की सदस्यों ने बच्चों को समाज में बढ़ती अनैतिक गतिविधियों के प्रति जागरूक किया। बच्चों को अपने धर्म में आस्था रखने, भगवान के प्रति भक्ति और माता-पिता एवं बड़ों का आदर-सम्मान करने की प्रेरणा दी गई। इस अवसर पर बच्चों से बौद्धिक, व्यवहारिक और धार्मिक ज्ञान से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे गए। जिन बच्चों ने सही उत्तर दिए, उनकी सराहना की गई, वहीं जिन सवालों का उत्तर नहीं दे पाए, उन्हें शाखा अध्यक्ष रेनू गुप्ता, महामंत्री प्रीति अग्रवाल और कोषाध्यक्ष बबीता यादव ने सरल तरीके से समझाया।

कार्यक्रम में बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों का पालन करने की शिक्षा दी गई। बच्चों को फास्ट फूड से दूरी बनाकर पौष्टिक आहार अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

शाखा संरक्षिका श्रीमती सुगंध जैन ने बच्चों से भक्ति गीत गवाए, जिससे उनमें देशभक्ति की भावना जागृत हुई। इस शिविर में एलकेजी से लेकर कक्षा आठ तक लगभग 125 बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम में संरक्षिका अपर्णा गर्ग ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और सभी प्रतिभागियों को पेन, चाबी के गुच्छे, टॉफ़ियां और बिस्कुट पैकेट देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सुगंध जैन, दीप शिखा, सुगंध अग्रवाल, सुचिता गुप्ता, वंदना अग्रवाल, महामंत्री प्रदीप गोयल, रितु कुमारी और नीलम सिंघल सहित संगठन की कई महिला सदस्य मौजूद रहीं। महिला शाखा और उनके स्टाफ के सहयोग के लिए विशेष आभार प्रकट किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.