पोरबंदर के तट पर मालवाहक जहाज में भीषण आग, धमाकों से दहशत

पोरबंदर (गुजरात)। समुद्र किनारे बसा पोरबंदर सोमवार की सुबह एक बड़े हादसे का गवाह बना। तट पर खड़ा एक मालवाहक जहाज अचानक आग की लपटों में घिर गया। जहाज में लगी भीषण आग से आसपास का इलाका दहशत में आ गया। हालात बिगड़ने से पहले ही प्रशासन ने सतर्कता दिखाते हुए चौपाटी क्षेत्र में आम लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी है, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो।

जानकारी के मुताबिक, आग जामनगर से आए ‘हरि दर्शन’ नामक मालवाहक जहाज में लगी। जहाज पर आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते जहाज पूरी तरह धधकने लगा। जहाज से लगातार तेज धमाकों की आवाज आ रही है, जिससे समुद्र किनारे अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि ये धमाके जहाज में रखे एलपीजी सिलेंडरों के कारण हो रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम और कोस्ट गार्ड के जवानों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। लेकिन तेज लपटों और जहाज के अंदर मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग पर काबू पाना अब तक संभव नहीं हो सका है।

स्थानीय प्रशासन का कहना है कि आग को बुझाने की पूरी कोशिश की जा रही है। समुद्र में जहाज तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है, लेकिन लगातार प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी तरह की जनहानि की खबर नहीं है। हालांकि, जहाज पर मौजूद अन्य सामान पूरी तरह नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है।

इस हादसे ने पोरबंदर के समुद्र तटीय इलाकों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लोग चौपाटी के पास रुककर दूर से जलते जहाज को देख रहे हैं, जबकि पुलिस लोगों को वहां से हटाने में जुटी है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और प्रशासन ने घटना को गंभीर मानते हुए सुरक्षा इंतजाम बढ़ा दिए हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.