रुड़की। नेहरू स्टेडियम में चल रही राम कथा में रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट विशेष रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कथा वाचक आचार्य विजय कौशल जी महाराज की संपूर्ण श्रद्धा और भक्ति भाव से सुनाई जा रही राम कथा का श्रवण किया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट एवं भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने मंच पर पहुंचकर विजय कौशल जी महाराज को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर महेंद्र भट्ट ने महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया और राम कथा को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि श्रीराम का जीवन आज भी समाज को धर्म, सत्य और मर्यादा के पथ पर चलने की प्रेरणा देता है। श्रीराम के आदर्श केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक मूल्यों के प्रतीक भी हैं। भट्ट ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि कथा श्रवण कर इसे अपने जीवन में उतारें और समाज में धर्म, भाईचारा तथा सद्भावना को बढ़ावा दें।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने महाराज जी के आशीर्वाद को अपने जीवन में धारण करने का संकल्प लेते हुए कहा कि राम कथा श्रवण से समाज में भाईचारा, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को संगठित करते हैं और आने वाली पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह, पवन तोमर, प्रवीण संधू, गुरजिंदर सिंह सहित भाजपा के जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नगर क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी राम कथा का श्रवण कर धर्म और भक्ति में भाव-विभोर होने का अनुभव किया।